पांवटा साहिब में स्वाइन फ्लू की दस्तक, चार मरीज पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
चार दिनों में सामने आए मामले, संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखकर किया जा रहा उपचार
पांवटा साहिब (सिरमौर)।पांवटा साहिब में स्वाइन फ्लू के एक साथ चार मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है। बीते चार दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों से इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे चार मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चारों मरीज बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंचे थे। चिकित्सकों को स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर सभी मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। रिपोर्ट आने के बाद चारों में संक्रमण की पुष्टि हुई।
संक्रमण की पुष्टि होते ही अस्पताल प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए मरीजों को सामान्य वार्ड से हटाकर अलग वार्ड में शिफ्ट कर दिया। यहां उनका उपचार चिकित्सकीय निगरानी में किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक फिलहाल सभी संक्रमित मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है।
स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद अस्पताल में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अस्पताल में मरीजों की आवाजाही और संक्रमण की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के प्रभारी डॉ. एवी राघव ने चार मरीजों की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखकर उपचार दिया जा रहा है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
