हिमाचल में नाबालिग के अपहरण से हड़कंप, काली कार में आए नकाबपोश जबरन ले गए लड़की
मामी के साथ इलाज के बाद लौट रही थी किशोरी, पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ शुरू की आरोपियों की तलाश
सोलन: हिमाचल प्रदेश के मानपुरा क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। खेड़ावाली रोड पर काले रंग की कार में सवार तीन से चार नकाबपोश लोगों ने कथित तौर पर लड़की को जबरन कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के बनूड़ क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग अपनी मामी के साथ मानपुरा के खेड़ावाली में कैंसर के इलाज के सिलसिले में आई थी। उपचार के बाद दोनों पैदल खेड़ावाली रोड से मुख्य मार्ग की ओर जा रही थीं।
इसी दौरान एक काले रंग की कार उनके पास आकर रुकी। आरोप है कि कार से तीन-चार नकाबपोश लोग बाहर निकले और नाबालिग को जबरन पकड़कर कार में डाल दिया। इसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद नाबालिग की मामी ने मानपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और भांजी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसे आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कार और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके।
एसपी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
