रेणुका जी में सड़क हादसा, एक व्यक्ति की मौत, चार घायल
तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
ददाहू (सिरमौर): पुलिस थाना रेणुका जी के अंतर्गत खदाल-बाईरी नाला के पास एक पिकअप के अनियंत्रित होकर पलटने से सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मनीष निवासी गांव कठवार, डाकघर उदैना कठवार, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर ने इस संबंध में पुलिस थाना रेणुका जी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को कपिल की टाइलों की दुकान, जो पुलिस थाना रेणुका जी के नजदीक स्थित है, से पिकअप नंबर HP71-4757 में टाइलें लोड की गई थीं। टाइलों को खदाल में उतारने के लिए तीन मजदूर—मुकेश, सनिया राम और सुखदेव—को बुलाया गया था।
तीनों मजदूर पिकअप में टाइलें लोड करने के बाद उन्हें अनलोड करने के लिए वाहन की बॉडी में बैठ गए, जबकि शिकायतकर्ता मनीष चालक मनोज कुमार के साथ वाहन के आगे बैठा था।
सुबह करीब 10:30 बजे, जब चालक मनोज कुमार पिकअप लेकर खदाल-बाईरी नाला के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके चलते पिकअप सड़क से बाहर बाईं ओर पलट गई।
हादसे में सनिया राम निवासी जामु-कोटि की मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार अन्य चार लोगों को चोटें आईं।
पुलिस थाना रेणुका जी ने चालक मनोज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
