Home राजनीति नाहन: 2027 से पहले कांग्रेस का बड़ा प्लान! बूथ-बूथ पहुंचेगा संगठन, सोलंकी ने किया 15 दिन में 4 रेडियोलॉजिस्ट का दावा

नाहन: 2027 से पहले कांग्रेस का बड़ा प्लान! बूथ-बूथ पहुंचेगा संगठन, सोलंकी ने किया 15 दिन में 4 रेडियोलॉजिस्ट का दावा

by Dainik Janvarta
0 comment

शिक्षा में खाली पद घटने से लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति तक गिनाए सरकार के काम

सार
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सिरमौर में कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। नाहन में कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तो साथ ही मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की जल्द नियुक्ति का बड़ा दावा भी किया।

विस्तार:
नाहन (सिरमौर)।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक अजय सोलंकी ने प्रदेश की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को सामने रखा। इस दौरान जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार भी मौजूद रहे। सोलंकी ने कहा कि सरकार ने ‘व्यवस्था परिवर्तन’ को महज राजनीतिक नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि नीतिगत फैसलों के जरिए इसे लागू करने की दिशा में काम किया है।

सोलंकी ने शिक्षा व्यवस्था का आंकड़ा साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के समय प्रदेश में करीब 16,500 शिक्षकों के पद खाली थे। अब यह संख्या घटकर लगभग 4,500 रह गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का जोर केवल भर्ती करने पर नहीं, बल्कि जरूरत वाले स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर है। इसी आधार पर शिक्षकों की नियुक्तियों को आवश्यकता वाले शिक्षण संस्थानों से जोड़ा जा रहा है।

15 दिन में चार रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति का दावा

स्वास्थ्य सुविधाओं पर बात करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने नाहन मेडिकल कॉलेज को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिनों में मेडिकल कॉलेज में चार रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाएगी। उनके मुताबिक प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

सोलंकी ने कहा कि सरकार किसानों और बागवानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रही है। विभिन्न फसलों पर समर्थन मूल्य देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आम परिवारों को आर्थिक राहत देना भी है।

अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना का किया जिक्र

विधायक ने ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पहले चरण में करीब दो लाख परिवारों को 1,500 रुपये की सहायता शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में बदलाव के लिए सरकार द्वारा लिए गए कुछ निर्णय भले ही तत्काल राजनीतिक तौर पर कठोर दिखाई दें, लेकिन इनके परिणाम भविष्य में प्रदेश के हित में सामने आएंगे।

उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को सरकार चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता अब सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर बूथ स्तर तक पहुंचेंगे और जनता से सीधा संवाद करेंगे।

बूथ-बूथ पर जाएंगे, कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे’ अभियान शुरू

जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी ने बताया कि ‘बूथ-बूथ पर जाएंगे, कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे’ अभियान की शुरुआत छह सितंबर को श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जोन अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों और नवगठित कार्यकारिणी के साथ बैठकें आयोजित कर संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जा रहा है।

धामी के अनुसार आने वाले दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। पार्टी का फोकस संगठन को मजबूत करने के साथ सरकार के कामकाज और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने पर रहेगा।

वित्तीय अधिकार और केंद्रीय सहायता का मुद्दा भी उठा

पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने हिमाचल के वित्तीय अधिकार, आपदा राहत और केंद्र से मिलने वाली सहायता के मुद्दे भी उठाए। आरडीजी अनुदान को लेकर नेताओं ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए। उनका दावा था कि इससे हिमाचल के करीब 10 हजार करोड़ रुपये प्रभावित हुए हैं।

कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हिमाचल को 1,500 करोड़ रुपये की सहायता देने के कथित आश्वासन का भी जिक्र किया और सवाल किया कि यह राशि अभी तक प्रदेश को क्यों नहीं मिली।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आने वाले महीनों में पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की उपलब्धियों और हिमाचल के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान को और तेज करेगी।

पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञान चौधरी, नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान, पार्षद नरेंद्र तोमर, मीडिया प्रभारी मदन सूर्यवंशी, युवा कांग्रेस नेता सुमित और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल शर्मा उर्फ टिप्पू समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.