सोलन में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते वन विभाग का BO गिरफ्तार
खैर के पेड़ों के कटान की अनुमति वाली फाइल आगे बढ़ाने के बदले मांगी गई थी रिश्वत, लेनदेन के दौरान दलाल भी दबोचा गया
सोलन। सोलन जिले के दून विधानसभा क्षेत्र के पट्टा वन ब्लॉक में विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को वन विभाग के एक बीओ और एक अन्य व्यक्ति को 22 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार ने खैर के पेड़ों के कटान की अनुमति के लिए वन विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर करने और उसे आगे बढ़ाने के बदले बीओ की ओर से रिश्वत की मांग की गई थी। शुरुआत में कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग की गई, लेकिन बाद में 22 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम पहुंचाने के लिए एक अन्य व्यक्ति को माध्यम बनाया गया था। ठेकेदार ने इस पूरे मामले की शिकायत पहले ही विजिलेंस विभाग को कर दी थी। शिकायत के आधार पर टीम ने पट्टा क्षेत्र में जाल बिछाया।
शुक्रवार दोपहर जैसे ही ठेकेदार ने कथित तौर पर माध्यम बने व्यक्ति के जरिए 22 हजार रुपये की रकम पहुंचाई, विजिलेंस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार बीओ की पहचान सतीश के रूप में बताई गई है। वहीं, दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अधीक्षक विजिलेंस वीरेंद्र कालिया ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पट्टा में शिकायत के आधार पर वन विभाग के बीओ को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस अब पूरे मामले में रिश्वत की मांग, लेनदेन और दोनों आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
