माजरा बाजार में ज्वेलर को लूटने पहुंचे नकाबपोश बदमाश, झपट्टा मारकर 50 हजार रुपये और दुकान की चाबियां लेकर फरार हो गए।
वारदात के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध को दबोच लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के माजरा बाजार में बुधवार देर शाम एक ज्वेलर के साथ लूट की वारदात सामने आई। दुकान बंद कर घर लौट रहे ज्वेलर ललित कुमार का बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने पीछा किया और मौका मिलते ही हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बैग में करीब 50 हजार रुपये नकद और दुकान की चाबियां थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से तेज रफ्तार में मौके से निकल गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह की टीम ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
दो सप्ताह से ज्वेलर पर थी नजर?
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने वारदात से पहले करीब दो सप्ताह तक ज्वेलर की गतिविधियों पर नजर रखी थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपियों को ज्वेलर के बैग में नकदी के साथ बड़ी मात्रा में आभूषण होने की जानकारी या उम्मीद थी।
हालांकि, ज्वेलर ने वारदात से पहले ही दुकान के आभूषण सुरक्षित रूप से दुकान में रख दिए थे। इसी वजह से बदमाशों के हाथ केवल करीब 50 हजार रुपये और दुकान की चाबियां ही लगीं।
स्थानीय व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस बाहरी राज्य के किसी गिरोह और स्थानीय व्यक्ति के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद माजरा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
