Table of Contents
प्रशासन ने लावारिस वाहनों से लेकर सरकारी जमीन पर किए गए कब्जों के खिलाफ की कार्रवाई, अन्य क्षेत्रों में भी अभियान चलाने की तैयारी
नाहन में अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क किनारे रखा सामान और अवैध कब्जे हटाए
दिल्ली गेट से वाल्मीकि चौक तक अचानक हुई कार्रवाई से मचा हड़कंप, छह महीने पहले दिए गए थे नोटिस
नाहन (सिरमौर): सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में वीरवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में दिल्ली गेट से श्री वाल्मीकि चौक तक सरकारी जमीन, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अचानक शुरू हुई कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान भारी मशीनरी की मदद से कई स्थानों पर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए। इसके साथ ही लंबे समय से सड़क किनारे खड़े लावारिस वाहनों को भी हटाया गया। गोबिंदगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे रखे गए स्कूटर, कंडम फ्रिज और अन्य सामान को प्रशासनिक टीम ने अपने कब्जे में लिया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार समेत पुलिस, राजस्व विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ाया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन, सड़क और सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु करना, सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त करना और लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाना है।
नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि संबंधित अतिक्रमणकारियों को करीब छह महीने पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि अभियान को केवल गोबिंदगढ़ क्षेत्र तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आने वाले दिनों में नाहन शहर के अन्य हिस्सों में भी चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाया जाएगा। सरकारी भूमि, सड़क या सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा सड़क किनारे लंबे समय से खड़े वाहनों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रखे सामान के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा। नगर परिषद ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
