पांवटा साहिब में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5.76 ग्राम चिट्टे के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।
गुप्त सूचना पर बद्रीपुर चौक में दबोचा गया आरोपी, कार से बरामद हुई हेरोइन की खेप।

पांवटा साहिब (सिरमौर)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला सिरमौर पुलिस की SIU नाहन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.76 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, SIU नाहन की टीम गश्त पर थी और रैनबैक्सी चौक के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रोहित विक्रम, निवासी कच्चा टैंक, नाहन, जिला सिरमौर, कथित तौर पर काफी समय से नाहन और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा/स्मैक बेचने का काम कर रहा है।
सूचना के मुताबिक आरोपी पांवटा साहिब बस स्टैंड की तरफ से चिट्टे की खेप लेकर कार नंबर HP71A-1649 (Alto) में नाहन की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बद्रीपुर चौक के पास उक्त कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 5.76 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और आरोपी से मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
