अंडर-14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कुश्ती और शतरंज में विजेता रहा विद्यालय, खो-खो, कबड्डी और योगा में भी शानदार प्रदर्शन
नाहन (सिरमौर)। खेल मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनकला की छात्राओं ने अंडर-14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में ऑल राउंड बेस्ट का खिताब अपने नाम किया। विद्यालय के 23 खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिनमें 8 छात्र और 15 छात्राएं शामिल हैं।
अंडर-14 छात्रा वर्ग की खंड स्तरीय प्रतियोगिता में बनकला स्कूल की टीमों ने कुश्ती और शतरंज में विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं योगा, खो-खो और कबड्डी में टीमों ने उपविजेता रहकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समूहगान और एकलगान प्रतियोगिताओं में विद्यालय की छात्राएं तीसरे स्थान पर रहीं।
अंडर-14 छात्र वर्ग में भी विद्यालय के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। कुश्ती में टीम विजेता रही, जबकि शतरंज और योगा में उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। समूहगान और एकलगान में तीसरा स्थान हासिल किया गया, जबकि भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा अंडर-19 छात्रा वर्ग की जोन स्तरीय प्रतियोगिता में भी विद्यालय की छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। शतरंज में विद्यालय की टीम विजेता रही, जबकि कुश्ती में खिलाड़ी ने स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रीति तनवर और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ऋषि शर्मा ने सभी विजेता एवं चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने शारीरिक शिक्षा अध्यापकों तारा चन्द और संजीव शर्मा के प्रयासों की भी सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
