संगड़ाह में 4 साल की आर्या का तीसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, NDRF ने संभाला मोर्चा
नोएट खड्ड में ढाई किलोमीटर तक सर्च, 200 से ज्यादा ग्रामीण भी लगातार तलाश में जुटे; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
संगड़ाह (सिरमौर)। सिरमौर के संगड़ाह क्षेत्र से लापता हुई चार वर्षीय आर्या की तलाश मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रही, लेकिन देर शाम तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार शाम घर के आसपास खेलते समय अचानक लापता हुई आर्या को खोजने के लिए अब एनडीआरएफ की टीम ने भी व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत लानाचेता पंचायत के घेवना गांव की रहने वाली आर्या रविवार शाम करीब चार बजे अचानक लापता हो गई थी। घटना के समय उसके माता-पिता किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे, जबकि बच्ची अपने भाई और बहन के साथ घर के आसपास खेल रही थी। कुछ देर बाद आर्या के नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और ग्रामीणों को भी इसकी जानकारी दी।
बच्ची की तलाश में रविवार से ही 200 से अधिक ग्रामीण अलग-अलग क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रहे हैं। मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद तलाशी अभियान को और तेज किया गया। टीम ने साथ लगती नोएट खड्ड और आसपास के संभावित स्थानों को खंगालना शुरू किया।
एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम मंगलवार को मौके पर पहुंची और खड्ड सहित अन्य संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश की जा रही है। तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार के साथ पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी सर्च ऑपरेशन में टीम का सहयोग कर रहे हैं।
पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर के अनुसार, एनडीआरएफ की टीम ने नोएट खड्ड में करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया है। इसके अलावा आसपास के संभावित इलाकों में भी सर्च किया जा रहा है। हालांकि, मंगलवार शाम तक आर्या का कोई पता नहीं चल पाया था।
आर्या के अचानक लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। तीन दिन बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग न मिलने से उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं, पूरे क्षेत्र के लोग भी बच्ची की सलामती की दुआ कर रहे हैं और उसकी तलाश में प्रशासन व एनडीआरएफ के साथ जुटे हुए हैं।
