कालाअंब में LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 45 नहीं 25 दिन बाद होगी बुकिंग
लगभग पांच महीने बाद बदला नियम, ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा फायदा
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब ग्रामीण उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने एलपीजी गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव करते हुए 25 दिन बाद दोबारा गैस बुकिंग की सुविधा बहाल कर दी है।
इससे पहले खाड़ी युद्ध के मद्देनजर सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी बुकिंग की अवधि 25 दिन से बढ़ाकर 45 दिन कर दी थी। इस व्यवस्था के चलते घरेलू उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर ऐसे परिवारों को दिक्कत हो रही थी, जिनमें गैस की खपत अधिक होती है।
करीब पांच महीने बाद सरकार ने एक बार फिर 25 दिन बाद गैस बुकिंग का नियम लागू कर दिया है। नए प्रावधान से ग्रामीण उपभोक्ता अब सिलेंडर की पिछली बुकिंग के 25 दिन बाद दोबारा गैस बुक करा सकेंगे।
कालाअंब स्थित एलपीजी गैस वितरक ने बताया कि गैस बुकिंग नियमों में बदलाव किया गया है। अब ग्रामीण उपभोक्ता 25 दिन बाद एलपीजी गैस की बुकिंग करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नियम में बदलाव से कालाअंब और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले हजारों घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। 45 दिन की लंबी बुकिंग अवधि खत्म होने से उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।
