Home राज्यहिमाचल प्रदेश त्रिलोकपुर नवरात्र मेले की तारीख तय, 11 से 26 अक्तूबर तक होगा आयोजन; जानें क्या होंगे खास इंतजाम

त्रिलोकपुर नवरात्र मेले की तारीख तय, 11 से 26 अक्तूबर तक होगा आयोजन; जानें क्या होंगे खास इंतजाम

by Dainik Janvarta
0 comment

त्रिलोकपुर में 11 अक्तूबर से सजेगा नवरात्र मेला, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस


चार सेक्टरों में बांटा जाएगा मेला क्षेत्र, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से लेकर स्वास्थ्य, पार्किंग और कानून-व्यवस्था तक पुख्ता होंगे इंतजाम

कालाअंब (सिरमौर)।

प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर में आयोजित होने वाले अश्विन मास नवरात्र मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले का आयोजन 11 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक किया जाएगा। मेले के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त सिरमौर एवं मंदिर न्यास समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में त्रिलोकपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी मौजूद रहे।

बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि मेले के सुचारू संचालन के लिए उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान को मुख्य मेला अधिकारी, तहसीलदार नाहन उपेंद्र कुमार को मेला अधिकारी तथा एएसपी नाहन को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक सेक्टर में राजस्व अधिकारियों को अस्थायी आधार पर मेला ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

खान-पान की गुणवत्ता पर विशेष नजर

मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर प्रशासन ने विशेष जोर दिया है। उपायुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को पर्याप्त संख्या में खाद्य निरीक्षक तैनात करने तथा मेला क्षेत्र में खान-पान सामग्री के स्टॉलों का नियमित एवं निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

फल विक्रेताओं, दुग्ध विक्रेताओं तथा मिठाई एवं प्रसाद की गुणवत्ता की भी नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

एंबुलेंस और मेडिकल बूथ रहेंगे तैनात

स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में स्टाफ सहित एम्बुलेंस वाहन तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आपातकालीन दवाइयों सहित दो प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किए जाएंगे।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को त्रिलोकपुर स्थित आयुर्वेदिक औषधालय के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आयुष विभाग की ओर से भी मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।

सफाई, पेयजल और पार्किंग की भी होगी व्यवस्था

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, कानून एवं व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल आपूर्ति, वाहन पार्किंग, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही भंडारा व्यवस्था तथा मेले के दौरान किराए में संभावित वृद्धि से संबंधित मामलों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

चयनित स्थानों पर ही लगेंगे भंडारे

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान केवल चयनित भंडारा स्थलों पर ही भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अश्विन नवरात्रि मेला श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाएं।

उन्होंने अधिकारियों को मेले से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक का संचालन तहसीलदार नाहन एवं मंदिर अधिकारी उपेंद्र कुमार ने किया। उन्होंने बैठक में विभिन्न मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास त्रिलोकपुर राजीव सांख्यायन, खंड विकास अधिकारी नाहन राहुल धीमान, जिला आयुष अधिकारी डॉ. जसप्रीत कौर सहित मंदिर न्यास के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.