बेटी की शादी के खर्च ने बढ़ाई चिंता, तो श्रम कल्याण बोर्ड की 51 हजार रुपये की मदद बनी सहारा
सिरमौर में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 103 कामगार परिवारों को मिला विवाह सहायता योजना का लाभ
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश सरकार कामगारों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से जिला सिरमौर में पंजीकृत कामगारों को भी कई योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
बोर्ड की विवाह सहायता योजना के तहत पात्र कामगारों को स्वयं तथा उनके अधिकतम दो बच्चों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। योजना का उद्देश्य विवाह के अवसर पर कामगार परिवारों को आर्थिक सहयोग देकर उनके वित्तीय बोझ को कम करना है।
जिला सिरमौर में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 103 पात्र कामगारों को इस योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है। इन लाभार्थियों को कुल 52 लाख 53 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है।
योजना से लाभान्वित कामगारों ने प्रदेश सरकार की इस पहल के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। लाभार्थियों का कहना है कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर मिलने वाली आर्थिक सहायता से परिवारों को काफी राहत मिल रही है।
बेटी की शादी में मिली आर्थिक मदद
नाहन मंडल की ग्राम पंचायत बनेठी के निवासी बाबू राम ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी के विवाह के लिए श्रम कल्याण बोर्ड की ओर से 51 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग उन्होंने बेटी की शादी के खर्च में किया, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से काफी मदद मिली।
बाबू राम ने हिमाचल प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कामगारों के हित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं।
विवाह का आर्थिक बोझ हुआ कम
इसी प्रकार ग्राम नेहली धीड़ा, तहसील नाहन के टिका राम शर्मा ने बताया कि उन्हें भी अपनी बेटी के विवाह के लिए श्रम कल्याण बोर्ड की ओर से 51 हजार रुपये की सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि इस राशि को बेटी के विवाह के खर्च में इस्तेमाल किया गया, जिससे परिवार को आर्थिक सहयोग मिला और शादी के खर्च का बोझ कम हुआ।
टिका राम शर्मा ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और श्रम कल्याण बोर्ड का आभार व्यक्त किया।
कामगार परिवारों के लिए बन रही आर्थिक ढाल
विवाह सहायता योजना से लाभान्वित इन परिवारों की कहानियां बताती हैं कि सरकार की कल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद कामगार परिवारों के लिए कठिन समय में आर्थिक संबल का काम कर रही हैं। विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर मिलने वाली सहायता न केवल परिवारों का आर्थिक बोझ कम कर रही है, बल्कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा का भरोसा भी दे रही है।
प्रदेश सरकार की ओर से संचालित ऐसी योजनाओं के माध्यम से कामगार परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके जीवन में स्थिरता लाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
