पांवटा साहिब में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.53 ग्राम स्मैक/हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
पुरुवाला में भी अवैध शराब की खेप बरामद, 11 बोतलों के साथ एक व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ा
पांवटा साहिब। सिरमौर पुलिस ने नशे के कारोबार और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पांवटा साहिब और पुरुवाला थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पुलिस ने एक मामले में स्मैक/हेरोइन बरामद की, जबकि दूसरे मामले में अवैध रूप से ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 11 बोतलें बरामद की हैं।
यमुना घाट बैरियर के पास 2.53 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद
शनिवार को पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति यमुना घाट बैरियर की तरफ से पैदल गर्ल्स स्कूल की ओर स्मैक/हेरोइन लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम निशु सैनी पुत्र सुरेंद्र, निवासी गांव क्यारदा, डाकघर मिश्रवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.53 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ND&PS Act के तहत पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
पुरुवाला में 11 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रिंस कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव भुंगरनी, डाकघर शिवपुर, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के कब्जे से कुल 11 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में भी आगामी अन्वेषण जारी है।
दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि संबंधित थानों में मामले दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
