फागू में अंडर-19 खेल प्रतिभाओं का शक्ति प्रदर्शन, 08 जोन के 300 खिलाड़ी मैदान में
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, कहा—खेल और शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के पूरक
नाहन, 06 सितंबर। सिरमौर जिला के उपमंडल राजगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागू में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के आठ जोन से करीब 300 विद्यार्थी खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा पूर्ण हो चुकी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास में सहायक हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए दोनों पर समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे में स्कूल स्तर से ही खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल और एक स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स संचालित किए जा रहे हैं, जहां 368 बालक एवं बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों को लॉजिंग, बोर्डिंग और प्रशिक्षण सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 650 शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को खेल प्रशिक्षण के लिए प्रतिष्ठित SAI NSNIS, पटियाला भेजा गया है। इसका उद्देश्य स्कूल स्तर पर खेल प्रशिक्षण को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पद्धतियों के अनुरूप बेहतर बनाना है, ताकि उभरते खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन नए स्पोर्ट्स हॉस्टल भी खिलाड़ियों को समर्पित किए गए हैं, जिनमें एक सिरमौर जिला के शिलाई में संचालित है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए डाइट मनी तथा यात्रा सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष तीन राष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स इवेंट भी आयोजित किए जाएंगे, जो पिछले करीब दस वर्षों से आयोजित नहीं हुए थे।
प्रतियोगिता के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागू के भवन के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने की जानकारी भी दी गई। शिक्षा मंत्री ने लोक निर्माण विभाग से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल किशोर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें सिरमौरी परिधान और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, पद्मश्री विद्या नंद सरैक तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
