शिमला के संजौली में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों के पास से करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और लगभग 7 ग्राम MDMA बरामद किया गया है।
शिमला। शिमला पुलिस ने 4 सितंबर 2026 को संजौली इलाके में कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना संजौली में FIR नंबर 65/2026 दर्ज की गई है। मामले में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, संजौली पुलिस टीम 4 सितंबर की शाम लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बतीश कॉलोनी के आसपास दो व्यक्ति चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों को बेचने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके बैग से करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और लगभग 7 ग्राम MDMA बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलदेव सिंह (45) पुत्र लाभ सिंह, निवासी सेक्टर 41-डी, बढ़ेड़ी, चंडीगढ़ और साहिल (23) पुत्र संतोष कुमार, निवासी गांव देवग, डाकघर देवला, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद नशीले पदार्थ आरोपियों तक कहां से पहुंचे और इनके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। पुलिस आरोपियों के संपर्क में रहे लोगों और संभावित सप्लाई नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
शिमला पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
