पांवटा साहिब ने रोमांचक मुकाबले में शिलाई को 3-2 से हराकर मारी बाजी, कबड्डी में सराहां और संगड़ाह ने दर्ज की जीत।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फागू में शुरू हुई राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता, तीन दिनों तक होंगे रोचक मुकाबले।
राजगढ़ (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फागू में राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। वॉलीबाल के रोमांचक मुकाबले में पांवटा साहिब ने शिलाई को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं, कबड्डी के मुकाबलों में सराहां ने नौहराधार को पराजित किया, जबकि संगड़ाह ने सतौन को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
प्रतियोगिता प्रभारी भाग सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रविवार को भी खिलाड़ियों के बीच कई रोचक मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का समापन सोमवार को किया जाएगा।
इस अवसर पर सतीश पुंडीर, ग्राम पंचायत प्रधान सुरेंद्र प्रकाश, कमलकिशोर सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
