पांवटा साहिब में HRTC बस कंडक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। निजी बस मालिक पर थप्पड़ मारने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला।
पांवटा साहिब, 5 सितंबर: पुलिस थाना पांवटा साहिब में HRTC बस डिपो पांवटा साहिब के बस कंडक्टर अनिल कुमार की शिकायत पर लड़ाई-झगड़े और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, घटना 5 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11:40 बजे की है। अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपनी नियमित ड्यूटी पर मौजूद था और यात्रियों को बस में बैठने के लिए आवाज लगा रहा था। उनकी बस का हरिपुरधार के लिए प्रस्थान समय सुबह 11:55 बजे निर्धारित था।
आरोप है कि इसी दौरान निजी बस के मालिक गुमान सिंह ने अपनी बस HRTC बस के आगे खड़ी कर दी। जब अनिल कुमार ने बस को हटाने के लिए कहा, तो कथित तौर पर गुमान सिंह ने उनके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मारे।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी ओर से किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया गया था और वह अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान उसके सरकारी कार्य में भी बाधा डाली गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच जारी है।
