बकरियां तो शाम को घर लौट आईं, लेकिन उन्हें चराने गया 52 वर्षीय जगदीश वापस नहीं आया। परिजनों ने जंगल में तलाश शुरू की तो घर से कुछ ही दूरी पर ढांग में घायल अवस्था में मिला, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ददाहू (सिरमौर)। गिरीपार क्षेत्र की कोटी धीमान पंचायत में शुक्रवार शाम बकरियां चराने गए एक व्यक्ति की ढांग में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कोटी धीमान निवासी 52 वर्षीय जगदीश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जगदीश शुक्रवार शाम बकरियां चराने के लिए घर से निकला था। शाम के समय उसकी बकरियां तो वापस घर पहुंच गईं, लेकिन जगदीश घर नहीं लौटा। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश में निकल पड़े।
तलाश के दौरान परिजनों को घर से कुछ ही दूरी पर जगदीश ढांग में गिरा हुआ मिला। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल ददाहू लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिविल अस्पताल ददाहू के प्रभारी डॉ. अशोक ठाकुर ने बताया कि ढांग में गिरने के कारण व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके चलते उसकी मौत हुई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक तौर पर पांव फिसलने के कारण ढांग में गिरने से हादसा होने की बात सामने आई है।
वहीं, प्रशासन की ओर से मृतक के आश्रितों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान की जा रही है।
