ऊना में पुराना होशियारपुर मार्ग हादसे को न्योता दे रहा है। सड़क के दोनों ओर फैली झाड़ियों और खुले नालों ने पहले से तंग मार्ग को और संकरा कर दिया है, जिससे आमने-सामने बड़े वाहन आने पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ऊना। पुराना होशियारपुर मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियां और खुले नाले वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। लंबे समय से झाड़ियों की कटाई न होने के कारण सड़क का दोनों ओर से घिराव बढ़ता जा रहा है। कई स्थानों पर स्थिति ऐसी है कि दो बड़े वाहनों के एक साथ गुजरने के दौरान चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।
झाड़ियों के सड़क की ओर फैल जाने से मार्ग की वास्तविक चौड़ाई कम हो गई है। इसके चलते कई बार वाहन चालकों को मजबूरी में सड़क के बीच से होकर निकलना पड़ता है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहन से टक्कर की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार दिन के समय तो चालक किसी तरह स्थिति संभाल लेते हैं, लेकिन रात में झाड़ियों और कम दृश्यता के कारण खतरा और बढ़ जाता है।
मार्ग के शहरी हिस्से में खुले नाले भी समस्या को गंभीर बना रहे हैं। सड़क किनारे खुले नालों के कारण वाहनों के लिए उपलब्ध जगह और कम हो गई है। कई जगह वाहन चालकों को नाले से बचने के लिए सड़क के बीच की तरफ जाना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने कहा कि पुराना होशियारपुर मार्ग पहले से ही तंग है। झाड़ियों के सड़क की ओर बढ़ने से इसकी चौड़ाई और कम हो गई है। राहगीरों के लिए भी स्थिति सुरक्षित नहीं है, क्योंकि कई जगह झाड़ियों के कारण सड़क किनारे चल रहे लोगों का पता वाहन चालकों को समय पर नहीं चल पाता। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सफाई नहीं करवाई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
दुकानदार विमल कुमार ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल कटाई करवानी चाहिए। साथ ही खुले नालों को ढकने की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रात के समय पर्याप्त दृश्यता नहीं होने के कारण खतरा कई गुना बढ़ जाता है। समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी गंभीर हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी।
