बस रोककर खिड़की से बाहर खींचा, फिर तीन लोगों ने मिलकर पीटा
थप्पड़-मुक्कों से मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप, रेणुका जी पुलिस ने दर्ज किया केस
ददाहू (सिरमौर): पुलिस थाना रेणुका जी के अंतर्गत लड़ाई-झगड़े और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, संजय कुमार पुत्र लेख राज तोमर, निवासी गांव व डाकघर कोटीधीमान, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर ने शिकायत दर्ज करवाई कि 3 सितंबर 2026 को उसकी बस दीपू कोच नंबर HP71-1320 को MRL बस के चालक रमेश ने रोक लिया।
शिकायत के मुताबिक, रमेश ने संजय कुमार को बस की अगली खिड़की से बाहर खींच लिया। इसके बाद रमेश, अनिल निवासी जबड़ोग तथा विशाल शुक्ला ने मिलकर उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि तीनों ने उसे जान से मारने की धमकियां भी दीं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रेणुका जी में अभियोग दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
