Table of Contents
चौपाल में स्कूली बच्चों से भरी गाड़ी खाई में जा गिरी, हादसे में सातवीं कक्षा की छात्रा की मौके पर मौत।
एक साथ आठ बच्चों के घर लौटने के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे में सात बच्चे घायल हुए, क्षेत्र में पसरा मातम।
चौपाल में दर्दनाक सड़क हादसा, एक छात्रा की मौत और सात बच्चे घायल
शिमला, 3 सितंबर: शिमला जिले के उपमंडल चौपाल में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। शंठा (झाड़ी) गांव के समीप स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक निजी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में सातवीं कक्षा की एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य बच्चे घायल हो गए।
हादसा शाम करीब 4:10 बजे हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार निजी वाहन HP-08B-3131 में राजकीय विद्यालय देवत में पढ़ने वाले आठ स्कूली बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि बच्चे स्कूल से देवत से अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान शंठा (झाड़ी) गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में कक्षा सातवीं की छात्रा साक्षी पुत्री रमेश, निवासी शंठा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सात बच्चे घायल
हादसे में घायल बच्चों की पहचान स्नेहा पुत्री विनोद, अंकित पुत्र अनिल, अंशुल पुत्र कमलेश, हेमंत पुत्र रण सिंह, वंश पुत्र मनोहर, हार्दिक पुत्र हेमराज और रियांश पुत्र कमलेश के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश बच्चे शंठा गांव के बताए जा रहे हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृत छात्रा के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्रशासन ने दी तत्काल आर्थिक सहायता
हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से मृत छात्रा के परिवार को 20 हजार रुपये तथा प्रत्येक घायल बच्चे को 5-5 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
