नाहन में स्कूल विवाद ने लिया तूल, मारपीट-तोड़फोड़ के आरोपों पर क्रॉस केस दर्ज
स्कूल परिसर में घुसकर महिला स्टाफ से हाथापाई और शीशे तोड़ने का आरोप, दूसरी शिकायत में वैन चालक समेत अन्य पर गाली-गलौज व धमकी देने का मामला दर्ज
नाहन (सिरमौर)। पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत स्कूल को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस मामले दर्ज किए हैं। एक पक्ष ने स्कूल परिसर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए हैं, जबकि दूसरे पक्ष ने स्कूल वैन चालक सहित कुछ लोगों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 01 सितंबर 2026 को अभिषेक बक्शी निवासी सुंदर बाग कॉलोनी, नाहन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पक्का टैंक के समीप Kids Primary Academy, Nahan नाम से स्कूल चलाते हैं। आरोप है कि सुबह स्कूल का ड्राइवर बच्चों को लेकर रास्ते से आ रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले मुकुल शर्मा, उसके बेटे यश शर्मा, पत्नी और बेटी ने ड्राइवर को रोककर बहस शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने रास्ता बंद करने की धमकी देते हुए गली से बच्चों को लाने से रोकने का प्रयास किया। इसके बाद उनके स्कूल परिसर में आने और महिला स्टाफ व परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट तथा हाथापाई करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल के गेट पर लगे शीशे पत्थरों से तोड़ दिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, यश शर्मा निवासी गुन्नूघाट, पक्का टैंक, नाहन की शिकायत पर भी पुलिस थाना नाहन में अलग मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 01 सितंबर 2026 को वह स्कूटी से काम पर जा रहा था। उसके घर के साथ स्थित स्कूल के बच्चे उस समय घाटी चढ़ रहे थे और स्कूल वैन नंबर HP71A-8750 घाटी के सामने खड़ी थी।
शिकायत के अनुसार, स्कूटी से उतरते समय एक बच्चा सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्कूटी फिसल गई और वह गिर गया। आरोप है कि इसके बाद वैन चालक ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि सोनू नामक व्यक्ति, मोनिका और उसके ससुर भी मौके पर पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस मामले दर्ज कर लिए हैं। मामले में आगामी जांच और दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि की जा रही है।
