चंबा में हाईवे धंसा, मणिमहेश यात्रियों की राह थमी; 7 मीटर सड़क बैठने से दो घंटे बंद रहा यातायात
मणिमहेश यात्रा के बीच भरमौर-पठानकोट हाईवे पर अचानक करीब सात मीटर सड़क धंस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क धंसने के कारण हाईवे पर करीब दो घंटे तक वाहनों के पहिए थमे रहे और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चंबा। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ामुख के समीप बत्ती दी हट्टी में बुधवार को सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। करीब सात मीटर सड़क धंस जाने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। इस दौरान मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं समेत अन्य वाहन चालकों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची। यात्रा सीजन को देखते हुए टीम ने बिना समय गंवाए यातायात बहाल करने के लिए काम शुरू कर दिया। हाईवे के किनारे पहाड़ी की ओर सड़क को चौड़ा करने के लिए पहाड़ी का हिस्सा काटकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद इस वैकल्पिक रास्ते से वाहनों की आवाजाही शुरू करवा दी गई। इससे हाईवे पर फंसे वाहनों को राहत मिली और मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं का आवागमन भी दोबारा सुचारु हो सका।
एनएचएआई के साइट प्रभारी साहिल ने बताया कि बत्ती दी हट्टी के पास करीब सात मीटर सड़क धंसने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। यात्रियों की सुविधा और मणिमहेश यात्रा को ध्यान में रखते हुए तत्काल पहाड़ी की तरफ सड़क का हिस्सा काटकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया और यातायात बहाल कर दिया गया।
