शिमला में बिजली बोर्ड कर्मचारियों का बड़ा प्रदर्शन, OPS बहाली की मांग पर गरजी आवाजें
चौड़ा मैदान में सैकड़ों कर्मचारी जुटे, रैली निकालकर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
शिमला। पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और आउटसोर्स कर्मचारियों को बिजली बोर्ड में समायोजित करने की मांग को लेकर बुधवार को शिमला में बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। चौड़ा मैदान में आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन से पहले हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड कर्मचारी एवं अभियंता संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों ने रैली निकाली। यह रैली राज्य विद्युत बोर्ड के कुमार हाउस स्थित कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
चौड़ा मैदान में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बिजली बोर्ड के कर्मचारी, कर्मचारी नेता, आउटसोर्स कर्मी और इंजीनियरिंग विंग से जुड़े कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारी नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए सरकार से पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग उठाई।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से बिजली बोर्ड में सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को लेकर भी सरकार को ठोस नीति बनानी चाहिए। उनका कहना है कि वर्षों से सेवाएं दे रहे इन कर्मचारियों को समायोजित कर उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाना जरूरी है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेताओं ने सरकार से दोनों मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि पुरानी पेंशन की बहाली और आउटसोर्स कर्मियों के समायोजन को लेकर उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
बुधवार को शिमला के चौड़ा मैदान में हुए प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों की भारी मौजूदगी से माहौल पूरी तरह आंदोलनमय नजर आया। कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।
