हिमाचल: IIT मंडी के छात्र ने किराये के कमरे में लगाया फंदा, रिजल्ट आने के बाद था परेशान; सुसाइड नोट नहीं मिला
मंडी: IIT मंडी के एक छात्र की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पीएचडी के कॉम्प्रिहेंसिव टेस्ट का परिणाम आने के बाद परेशान चल रहे छात्र का शव मंगलवार दोपहर कटौला स्थित किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला।
मृतक की पहचान डलहौजी निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम पीएचडी के कॉम्प्रिहेंसिव टेस्ट का परिणाम घोषित होने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जब गुरप्रीत ने काफी देर तक फोन नहीं उठाया और कमरे का दरवाजा भी नहीं खोला तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय स्तर पर पुलिस को दी गई।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 1:40 बजे कटौला पंचायत के प्रधान महेश्वर सिंह ने सूचना दी कि कटौला स्कूल के समीप किराये के कमरे में रहने वाला IIT मंडी का छात्र काफी समय से दरवाजा नहीं खोल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने चिटकनी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो गुरप्रीत सिंह फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जांच के लिए आरएफएसएल (क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
