Sirmaur News: POCSO केस में 4 साल से फरार आरोपी जीरकपुर से गिरफ्तार, पुलिस की पीओ सेल टीम को बड़ी सफलता
सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम ने POCSO और दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2022 में दर्ज मामले के बाद से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम ने वांछित उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना पुरुवाला में दर्ज POCSO एक्ट और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू पुत्र जगरूप सिंह, निवासी गांव अनंतपुर ढोंकला, ब्लॉक झिंझक, कानपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को जीरकपुर, पंजाब से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पुरुवाला में अभियोग संख्या 103/2022, दिनांक 08 अगस्त 2022, के तहत धारा 376 IPC तथा धारा 6 POCSO Act में मामला दर्ज है। मामले में वांछित होने के बाद आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम ने आरोपी की तलाश के बाद उसे जीरकपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पुरुवाला में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि गिरफ्तार उद्घोषित अपराधी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
