पांवटा साहिब में चिट्टे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.21 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुरानी पानी की टंकी के नीचे बने कमरे में छिपकर नशे की खेप बेचने की फिराक में था आरोपी, गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबोचा
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 3.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना पांवटा साहिब की टीम गश्त पर बद्रीपुर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति तारूवाला में पुरानी पानी की टंकी के नीचे बने कमरे में मौजूद है और कथित तौर पर स्मैक/हेरोइन बेचने की फिराक में है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह निवासी ज्वालापुर, डाकघर निहालगढ़, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस द्वारा नशे की खेप के स्रोत और इसके संभावित नेटवर्क को लेकर आगामी जांच की जा रही है।
