पांवटा साहिब में महिलाओं के लिए शुरू हुई पिंक ई-ऑटो सेवा, हिमाचल में पहला स्टार्टअप
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में महिलाओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए पिंक ई-ऑटोरिक्शा सेवा की शुरुआत की गई है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सिरमौर सोना चंदेल ने मंगलवार को पिंक ई-ऑटो रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई इस पहल के तहत पिंक ई-ऑटो में केवल महिलाएं और छात्राएं ही सफर कर सकेंगी। इससे औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं के साथ-साथ विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं को भी सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोना चंदेल ने बताया कि पांवटा साहिब एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं विभिन्न उद्योगों में कार्यरत हैं। ये महिलाएं रोजाना अलग-अलग परिवहन साधनों के माध्यम से अपने कार्यस्थलों तक पहुंचती हैं। इसके अलावा क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्राएं भी शिक्षण संस्थानों में आवागमन करती हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पिंक ई-ऑटो सेवा की शुरुआत की गई है। इन ऑटोरिक्शा के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित माहौल में उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सोना चंदेल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में इस तरह की पहल के रूप में पिंक ई-ऑटो सेवा की शुरुआत पांवटा साहिब से की गई है। फिलहाल दो पिंक ई-ऑटो रिक्शा के साथ इस सेवा की शुरुआत हुई है। आने वाले समय में जरूरत और मांग के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
इस पहल को पांवटा साहिब में महिलाओं की सुरक्षित आवाजाही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं और छात्राओं को परिवहन की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा का भरोसा भी मिलने की उम्मीद है।
