ऊना बस अड्डे की सफाई व्यवस्था पर सवाल, जगह-जगह कूड़े के ढेर; गर्मी में पंखे भी नहीं दे रहे राहत
बस अड्डे में प्रवेश करते ही यात्रियों और पर्यटकों का स्वागत साफ-सफाई से नहीं, बल्कि जगह-जगह पसरे कूड़े के ढेर से हो रहा है। दूसरी ओर यात्रियों के लिए लगाए गए पंखे भी ऐसी दिशा में लगे हैं कि हवा यात्रियों से ज्यादा दीवारों को मिल रही है, जिससे गर्मी में लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
ऊना। ऊना बस अड्डा इन दिनों सफाई व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को लेकर सवालों के घेरे में है। बस अड्डा परिसर में कई स्थानों पर कूड़ा-कचरा जमा होने से गंदगी का आलम बना हुआ है। समय पर कूड़ा न उठाए जाने के कारण यात्रियों, वाहन चालकों और यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बसों की पार्किंग वाले हिस्से में भी कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। इससे न केवल बस अड्डे की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि यहां आने-जाने वाले लोगों को भी असुविधा हो रही है। यात्रियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल होने के कारण बस अड्डे की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
पंखे लगे, लेकिन यात्रियों तक नहीं पहुंच रही हवा
बस अड्डे के भीतर यात्रियों की सुविधा के लिए पिलरों पर पंखे लगाए गए हैं, लेकिन उनकी दिशा सही नहीं होने के कारण इनका लाभ यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। पंखों की हवा बेंच पर बैठे यात्रियों तक पहुंचने के बजाय दीवारों की ओर जा रही है।
गर्मी के बीच यात्री इन पंखों के नीचे बैठने को मजबूर हैं, लेकिन पर्याप्त हवा नहीं मिलने से उन्हें राहत नहीं मिल पा रही। यात्रियों ने बस अड्डा प्रबंधन से मांग की है कि पंखों की दिशा को व्यवस्थित किया जाए, ताकि बेंच पर बैठने वाले यात्रियों तक हवा पहुंच सके।
यात्रियों ने सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की
यात्रियों महेश कुमार, बलबीर, सोमदत्त, रमेश कुमार, सोनू और बलदेव सिंह ने बस अड्डा प्रबंधन से मांग की है कि परिसर में जगह-जगह जमा कूड़े को नियमित रूप से उठाया जाए और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। यात्रियों का कहना है कि बस अड्डा ऊना जिले में आने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, ऐसे में यहां स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का उचित प्रबंध होना जरूरी है।
