हिमाचल: सोलन में NH-5 पर मिला अज्ञात शव, हादसा या हत्या? पुलिस जांच में जुटी
सड़क किनारे पड़े शव ने सुबह-सुबह इलाके में मचा दी सनसनी, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
शमलेच के पास मिले शव की मौत सड़क हादसे में हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
सोलन। परमाणु-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर शमलेच के समीप सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सड़क पर शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत किसी सड़क हादसे में हुई या किसी वाहन की चपेट में आने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। इसके अलावा पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर मृतक की पहचान और उसके शमलेच के पास पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट करेगी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
