Table of Contents
कालाअंब में दड़ा-सट्टा पर कार्रवाई, 970 रुपये नकद और पर्चियों के साथ आरोपी गिरफ्तार
सब्जी मंडी क्षेत्र में गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश, 10 रुपये के बदले 90 रुपये का लालच देकर लगवा रहा था सट्टा
तलाशी के दौरान दड़ा-सट्टे की पर्चियों समेत 970 रुपये बरामद, जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज
कालाअंब (सिरमौर)। पुलिस थाना कालाअंब की टीम ने सब्जी मंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टे की पर्चियों के साथ 970 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना कालाअंब की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सब्जी मंडी क्षेत्र में एक व्यक्ति लोगों को दड़ा-सट्टा लगाने के लिए उकसा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान सतीश कुमार निवासी गांव पकड़ी, डाकघर बसंतपुर, तहसील एवं जिला सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लोगों को 10 रुपये के बदले 90 रुपये देने का लालच देकर दड़ा-सट्टा लगवा रहा था।
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से दड़ा-सट्टे की पर्चियां और कुल 970 रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दड़ा-सट्टे के इस खेल से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
