हिमाचल के इंजीनियर समेत 100 से ज्यादा लोग नेपाल की टनल में फंसे, बुधवार से नहीं हुआ संपर्क; परिवार की बढ़ी चिंता
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच एक हाइड्रो प्रोजेक्ट की टनल में 100 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की सूचना ने चिंता बढ़ा दी है।
इन लोगों में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का एक मेकेनिकल इंजीनियर भी शामिल है, जिससे बुधवार के बाद से परिवार का संपर्क नहीं हो पाया है।
ऊना: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की टनल में बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। इसी प्रोजेक्ट में कार्यरत हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी मेकेनिकल इंजीनियर सुखविंद्र भी बुधवार से लापता बताए जा रहे हैं। उनके लापता होने की खबर के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।
परिजनों के अनुसार सुखविंद्र नेपाल के त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में मेकेनिकल इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। बाढ़ के बाद प्रोजेक्ट की टनल के प्रवेश द्वार पर बड़ी मात्रा में गाद और मलबा जमा हो गया है। इसके कारण टनल के अंदर मौजूद लोगों से संपर्क करना मुश्किल बना हुआ है।
गाद और मलबा हटाने में जुटी रेस्क्यू टीम
परिवार को मिली जानकारी के मुताबिक टनल के मुहाने के बाहर भारी मात्रा में गाद जमा है। राहत एवं बचाव दल इसे हटाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि रास्ता साफ होने के बाद ही टनल के अंदर फंसे लोगों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उनसे संपर्क स्थापित किया जा सकेगा।
भाई और भतीजा काठमांडो पहुंचे
सुखविंद्र के पिता हुसन लाल के अनुसार उनके बड़े बेटे वीरेंद्र और भतीजे शिवम काठमांडो पहुंच चुके हैं। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों से फोन पर बातचीत हुई थी। परिवार को नेपाल में चल रहे राहत और बचाव अभियान की जानकारी उन्हीं के माध्यम से मिल रही है।
परिजनों ने बताया कि सुखविंद्र से बुधवार के बाद से कोई बातचीत नहीं हुई है। लगातार संपर्क नहीं हो पाने के कारण परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार के साथ स्थानीय लोग भी सुखविंद्र और टनल में मौजूद अन्य लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने की उम्मीद कर रहे हैं।
प्रशासन ने भी शुरू किए प्रयास
ऊना के एसडीएम अभिषेक मित्तल ने बताया कि सुखविंद्र की तलाश को लेकर प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। नेपाल में संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ ही परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बीच ऊना के मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी सुखविंद्र के लापता होने से क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है। अब परिवार और स्थानीय लोगों की निगाहें राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी हैं।
