शिलाई के गांवों तक पहुंचेगी विकास की नई रफ्तार, 400 करोड़ की योजनाओं पर काम तेज : हर्षवर्धन चौहान
शिलाई में 100 बिस्तरों का आधुनिक अस्पताल जल्द होगा जनता को समर्पित, गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं को सरकार की प्राथमिकता। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
टिटयाना में जनसमस्याएं सुनने पहुंचे उद्योग मंत्री
नाहन, 30 अगस्त। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रविवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत टिटयाना में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं एवं विकास संबंधी सुझाव सुने।
जनसभा को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। अधिकांश परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है और इनके पूरा होने से आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को व्यापक लाभ मिलेगा।
19 करोड़ की लागत से बन रहा 100 बिस्तरों का अस्पताल
उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से शिलाई में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण तेजी से जारी है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिलाई अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन करीब 350 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध हैं। इनमें ईएनटी, मेडिसिन, अस्थि रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ शामिल हैं।
चार पीएचसी भवनों का निर्माण जारी
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। कमरऊ, सतौन, चांदनी और कोटा पाब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कांटी मशवा में पीएचसी भवन का लोकार्पण किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक और फार्मासिस्ट तैनात हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने आसपास ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने पर जोर
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा योग्य शिक्षकों की नियुक्ति पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
प्राकृतिक खेती की फसलों पर एमएसपी का जिक्र
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए भी कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने प्राकृतिक खेती से तैयार की गई फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध करवाया है। राज्य सरकार ने प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों की एमएसपी में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है।
सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र हुआ विफल : चौहान
उद्योग मंत्री ने राजनीतिक मुद्दे पर कहा कि कुछ समय पहले प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचा गया था, लेकिन हिमाचल में यह प्रयास असफल साबित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर विश्वास जताते हुए पुनः बहुमत प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान प्रदेश को भारी नुकसान हुआ, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ा। इसके बाद केंद्र सरकार से प्रदेश को मिलने वाली राशि में भी कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान सरकार का नहीं, बल्कि प्रदेश के लोगों का अधिकार है।
अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पंचायतों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं एवं मांगें उद्योग मंत्री के समक्ष रखीं।
हर्षवर्धन चौहान ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मांग और समस्या का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़े उचित प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, पंचायत समिति अध्यक्ष प्रियंका शर्मा, जिला परिषद सदस्य खत्री सिंह, ओएसडी अत्तर राणा, होमगार्ड कमांडेंट तोता राम शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता योगेश शर्मा, जल शक्ति विभाग शिलाई के अधिशाषी अभियंता पदम प्रकाश, बीडीओ राजेश नेगी, ईआई उद्योग काका राम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
