सिरमौर में प्रजामंडल आंदोलन की तर्ज पर नए संघर्ष का आह्वान, राकेश सिंघा बोले- अन्याय के खिलाफ खड़ा होना होगा
नाहन (सिरमौर)। जिस तरह कभी प्रजामंडल आंदोलनों ने राजशाही के खिलाफ आम लोगों को एकजुट कर संघर्ष की राह दिखाई थी, उसी तरह आज के दौर में भी अन्याय और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नए स्वरूप का आंदोलन खड़ा करने की जरूरत है। सीपीआईएम के राज्य प्रभारी राकेश सिंघा ने नाहन में पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि महिला, दलित, किसान और मेहनतकश वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा।
नाहन में सीपीआईएम जिला कमेटी की बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में राकेश सिंघा ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में जनता के सामने कई तरह की आर्थिक और सामाजिक चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। ऐसे में पार्टी और उससे जुड़े संगठनों को लोगों के मुद्दों को लेकर संगठित होकर संघर्ष करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है और इसका सीधा असर किसान, मजदूर, छात्र और युवाओं पर पड़ रहा है। रोजगार के अवसर लगातार सीमित हो रहे हैं, जबकि कई कार्य ठेके और बड़ी कंपनियों को सौंपे जा रहे हैं। सिंघा के अनुसार इससे मजदूरों और कर्मचारियों के शोषण की स्थिति बढ़ रही है।
प्रदेश सरकार से भी मजबूती से पक्ष रखने का आह्वान
राकेश सिंघा ने हिमाचल सरकार से प्रदेश के हितों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी महिला, दलित, किसान और मेहनतकश वर्ग से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में स्थानीय स्तर पर भी जनसमस्याओं को लेकर आंदोलनों को धार दी जाएगी। इसके लिए पार्टी संगठन और उससे जुड़े कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जाएगा।
जिला कमेटी की बैठक में आगामी आंदोलन पर चर्चा
इससे पहले सीपीआईएम की जिला कमेटी की बैठक कॉमरेड विश्वनाथ शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राकेश सिंघा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर पार्टी का पक्ष रखा। वहीं जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर ने स्थानीय स्तर पर पार्टी की आगामी रणनीति से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
बैठक में 26 नवंबर को प्रस्तावित देशव्यापी आंदोलन में भाग लेने का निर्णय लिया गया। साथ ही सिरमौर में पार्टी की आगामी गतिविधियों और स्थानीय मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में विजयपाल सिंह, आशा शर्मा, राम सिंह वालिया, बॉबी शर्मा, राकेश रमौल, गोविंद छींटा, लखबीर सिंह, दिनेश शर्मा, अभय धामटा, बलदेव सिंह, नैन सिंह, जीवन सिंह, धनीराम शर्मा, सतपाल मान और आशीष कुमार सहित जिला कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
