Home स्वास्थ्य हिमाचल में हेल्थ सेक्टर को बड़ा बूस्ट: मेडिकल कॉलेजों में 500 करोड़ रूपए की मशीनरी, 650 डॉक्टरों की होगी भर्ती

हिमाचल में हेल्थ सेक्टर को बड़ा बूस्ट: मेडिकल कॉलेजों में 500 करोड़ रूपए की मशीनरी, 650 डॉक्टरों की होगी भर्ती

by Dainik Janvarta
0 comment

हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में 500 करोड़ की अत्याधुनिक मशीनरी, 650 डॉक्टरों की होगी भर्ती: सीएम सुक्खू

हिमाचल में अब गंभीर बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेजों में करीब 500 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक मशीनरी लगाई जा रही है, जबकि सरकार 650 डॉक्टरों की भर्ती की तैयारी में है।

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार बड़े स्तर पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र के कांगू में आयोजित जन स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। इनमें कई ऐसी मशीनें और सुविधाएं शामिल हैं, जो वर्तमान में देश के चुनिंदा बड़े चिकित्सा संस्थानों में ही उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनरी उपलब्ध होने से मरीजों की जांच अधिक सटीक तरीके से हो सकेगी। इससे बीमारियों की समय रहते पहचान करने और मरीजों को जल्द उचित उपचार उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

650 डॉक्टरों की होगी भर्ती

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों और विशेषज्ञों की कमी को दूर करने के लिए 650 डॉक्टरों की भर्ती करने जा रही है। इसमें 300 मेडिकल ऑफिसर, 200 स्पेशलिस्ट डॉक्टर और 150 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध करवाना है। इसी कड़ी में नादौन, कांगू, गलोड़ और धनेटा के अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं।

हमीरपुर में इसी साल शुरू होगा अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि जोल सप्पड़ में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज का जल्द शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही यहां उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज संस्थान स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संस्थान में इसी वर्ष से दाखिले शुरू करवाने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इससे अलाइड हेल्थ सर्विसेज से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों को हमीरपुर में ही शिक्षा और प्रशिक्षण हासिल करने का अवसर मिलेगा।

नादौन और हमीरपुर में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

मुख्यमंत्री ने कांगू में आयोजित जन स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नादौन विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ हमीरपुर जिले के अन्य हिस्सों में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

सरकार का दावा है कि अत्याधुनिक जांच सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और नए स्वास्थ्य संस्थानों के विस्तार से प्रदेश में लोगों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.