चंबा में कुत्ते के भौंकने से शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदला, दो परिवार भिड़े; 5 घायल, दो टांडा रेफर
चंबा। कुत्ते के भौंकने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने शुक्रवार रात ऐसा रूप ले लिया कि बरौर गांव में दो पड़ोसी परिवार आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और पत्थर-डंडे चलने के आरोपों के बीच पांच लोग घायल हो गए।
घायलों में पिता-पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा में प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।
मामला चंबा सदर विधानसभा क्षेत्र के बरौर गांव का है। जानकारी के अनुसार, कुत्ते के भौंकने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि झड़प में दोनों परिवारों के करीब सात से आठ लोग शामिल थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरों और डंडों से हमला करने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पिता-पुत्र को टांडा किया रेफर
मारपीट में बलदेव और उनके बेटे सतपाल को गंभीर चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दोनों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहीं रैणो देवी और नरेश कुमार का मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार चल रहा है। तरुण कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद दोनों परिवार पुलिस के पास पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस अब घायलों के बयान दर्ज करने के साथ विवाद की वास्तविक शुरुआत और मारपीट के दौरान हुए घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि झड़प के दौरान किस पक्ष की ओर से क्या कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
