हिमाचल: परवाणू में दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, सड़कें बंद; शिमला मार्ग वन-वे
परवाणू में करीब दो घंटे की तेज बारिश ने एक बार फिर हालात बिगाड़ दिए हैं। कहीं सड़कें पानी में डूब गईं तो कहीं पहाड़ी से मलबा आने के कारण यातायात रोकना पड़ा।
टकसाल का संपर्क मार्ग बंद होने के साथ सेब मंडी के पास शिमला जाने वाला मार्ग वन-वे कर दिया गया है, जबकि कई जगह जलभराव और भूस्खलन से परेशानी बढ़ी है।
सोलन। जिले के परवाणू क्षेत्र में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति सामने आई। तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी और मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, टकसाल गांव को जोड़ने वाला मार्ग भी बंद हो गया है।
टकसाल रेलवे फाटक के पास सड़क पर भरा पानी
सेक्टर-2 में टकसाल रेलवे फाटक के समीप बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया। जलभराव इतना अधिक रहा कि कई वाहन पानी में फंस गए। कुछ वाहन पानी में डूबे हुए भी दिखाई दिए।
टकसाल के शिवलोती मंदिर के पास नाले का पानी कुछ उद्योगों में घुसने की भी जानकारी सामने आई है। इससे क्षेत्र में लोगों और उद्योगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
पीएम आवास योजना के मकानों के पास डंगे को नुकसान
भारी बारिश का असर सेक्टर-5 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों के आसपास भी देखने को मिला। यहां सुरक्षा डंगे को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश का दौर आगे भी जारी रहता है तो सेक्टर-4 में पहले से क्षतिग्रस्त डंगा और कमजोर हो सकता है। डंगा गिरने की स्थिति में आसपास बने मकानों को खतरा पैदा होने की आशंका है।
टकसाल गांव का संपर्क मार्ग बंद
बारिश के कारण टकसाल गांव की ओर जाने वाला संपर्क मार्ग बंद हो गया है। लोक निर्माण विभाग परवाणू के सहायक अभियंता शिव कुमार ने सड़क बंद होने की पुष्टि की है। विभाग की टीम स्थिति पर नजर रख रही है और मार्ग को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सेब मंडी के पास मलबा गिरा, शिमला मार्ग वन-वे
तेज बारिश के दौरान सेब मंडी के पास पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे शिमला की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने यहां यातायात व्यवस्था को वन-वे कर दिया।
डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि सेब मंडी के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण शिमला की ओर जाने वाले मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए चक्की मोड़ पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
शिवालिक कैफे के पास सड़क से नीचे गिरा ट्रक
शिवालिक कैफे के पास कुछ दिन पहले बारिश के कारण सड़क किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। शनिवार को इसी स्थान के समीप एक ट्रक सड़क से नीचे जा गिरा।
हादसे में राहत की बात यह रही कि चालक के सुरक्षित होने की जानकारी है।
कोटी के पास रेलवे ट्रैक पर आया मलबा
कालका-शिमला रेलवे लाइन पर कोटी के पास भी पहाड़ी से मलबा गिरने की सूचना मिली। इसके चलते रेल ट्रैक करीब 20 से 25 मिनट तक प्रभावित रहा।
बाद में मलबा हटाकर रेलवे ट्रैक को दोबारा खोल दिया गया। ट्रैक प्रभावित रहने के दौरान किसी ट्रेन के प्रभावित होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन और पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। जलभराव और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों पर स्थिति की निगरानी की जा रही है।
प्रशासन और पुलिस ने लोगों से खराब मौसम के दौरान गैर जरूरी यात्रा से बचने तथा जलभराव और भूस्खलन वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
