Sirmaur News: नेपाल में आपदा के बाद सिरमौर अलर्ट, लापता या फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी
नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच सिरमौर प्रशासन ने जिले के उन परिवारों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिनके परिजन नेपाल में मौजूद हैं। अगर नेपाल में मौजूद किसी अपने से संपर्क नहीं हो पा रहा है या उसके फंसे होने की आशंका है, तो प्रशासन ने तुरंत सूचना देने के लिए हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए हैं।
नाहन (सिरमौर)। नेपाल में आपदा की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने संभावित रूप से प्रभावित सिरमौर के नागरिकों की जानकारी जुटाने और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद के लिए व्यवस्था तेज कर दी है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने लोगों से अपील की है कि नेपाल में रह रहे उनके किसी परिजन या परिचित से संपर्क नहीं हो पा रहा है तो इसकी सूचना बिना देरी प्रशासन को दें।
प्रशासन के अनुसार, जिले में 1077 हेल्पलाइन नंबर को सक्रिय किया गया है। इसके अलावा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के 1070 कंट्रोल रूम नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है। नेपाल में फंसे या संपर्क से बाहर सिरमौर के लोगों की जानकारी देने के लिए 70187-09700 मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है। जरूरत पड़ने पर लोग उपायुक्त कार्यालय नाहन में भी संपर्क कर सकते हैं।
पूरी जानकारी देने की अपील
प्रशासन ने कहा है कि नेपाल में मौजूद किसी व्यक्ति के संबंध में सूचना देते समय उसकी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसमें व्यक्ति का पूरा नाम, सिरमौर में स्थायी पता, मोबाइल नंबर और नेपाल में अंतिम ज्ञात स्थान शामिल होना चाहिए। यह जानकारी संबंधित एजेंसियों के साथ साझा कर तलाश और राहत कार्य में तेजी लाने में मदद करेगी।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा कि नेपाल में आई आपदा को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन की प्राथमिकता नेपाल में मौजूद सिरमौर के नागरिकों की जानकारी जुटाना और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि यदि नेपाल में मौजूद किसी परिजन या परिचित से संपर्क नहीं हो पा रहा है तो तत्काल हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें। प्राप्त जानकारी के आधार पर राज्य और केंद्र स्तर की संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता और रेस्क्यू कार्रवाई शुरू की जाएगी।
प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल सिरमौर से किसी व्यक्ति के नेपाल में लापता होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
