पांवटा साहिब में चिट्टा तस्करी पर SIU की बड़ी कार्रवाई, 4.14 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
सिरमौर के पांवटा साहिब में चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कसा है। गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 4.14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ पकड़ा है।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर पुलिस की SIU टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 4.14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वीरवार को SIU टीम गश्त पर थी और इसी दौरान टीम सूरजपुर के पास मौजूद थी। तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि साकिर पुत्र सुलेमान निवासी खिजराबाद, यमुनानगर, हरियाणा कथित तौर पर काफी समय से पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा/स्मैक बेचने का काम कर रहा है।
सूचना में बताया गया कि साकिर खिजराबाद से चिट्टे की खेप लेकर मोटरसाइकिल पर बातापुल चौक से पुरुवाला की ओर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस आरोपी से नशे की खेप के स्रोत और इसके संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
