हिमाचल में रक्षाबंधन पर बड़ा ऐलान: इस बार भाइयों को भी मिलेगी सरकारी छुट्टी, महिलाओं के लिए बस यात्रा फ्री
शिमला। रक्षाबंधन पर इस बार हिमाचल प्रदेश में सिर्फ बहनों को ही नहीं, भाइयों को भी छुट्टी मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा सदन में बड़ा ऐलान करते हुए स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश में सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अवकाश रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को छुट्टी देने की व्यवस्था थी, जबकि पुरुष कर्मचारियों को अवकाश नहीं मिलता था। इस बार सरकार ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए महिला और पुरुष दोनों कर्मचारियों के लिए सरकारी अवकाश घोषित किया है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व है। ऐसे में सभी को अपने परिवार के साथ यह त्योहार मनाने का अवसर मिलना चाहिए। सरकार के इस फैसले से सरकारी कर्मचारियों को त्योहार पर अपने परिवार और बहनों के साथ समय बिताने की सुविधा मिलेगी।
