Sirmaur News: शॉर्टकट से दौड़ रहे ट्रालों के खिलाफ युवाओं ने लगाया ठिकरी पहरा, बिना नंबर प्लेट वाले वाहन भी मिले
पांवटा साहिब (सिरमौर)। गांव की सड़कों पर तेज रफ्तार ट्रालों की आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार देर रात युवाओं ने खुद सड़क पर उतरकर ठिकरी पहरा लगाया और शॉर्टकट से गुजर रहे ट्रालों को रोककर एनएच मार्ग से जाने के लिए कहा।
पांवटा साहिब क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आने वाले ट्रालों के बद्रीपुर-जम्बूखाला-पुरुवाला मार्ग से शॉर्टकट के तौर पर गुजरने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। ग्रामीण युवाओं का आरोप है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार से गांवों में हादसे का खतरा बना हुआ है। कई बार प्रशासन और पुलिस से शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान न होने पर मंगलवार देर रात युवाओं ने खुद निगरानी शुरू कर दी।
भाजपा युवा मोर्चा पांवटा साहिब के अध्यक्ष संयम गुप्ता, अमन खापड़ा, अनिरुद्ध सिंह, नितेश श्रीवास्तव और अनुज सहित अन्य युवाओं ने बद्रीपुर शिव मंदिर के समीप से जम्बूखाला-पुरुवाला मार्ग तक निगरानी की। जामनीवाला-बद्रीपुर और पुरुवाला गुरुद्वारे के पास सड़क से गुजर रहे ट्रालों को रोककर उन्हें गांव के संपर्क मार्ग के बजाय एनएच से जाने के लिए कहा गया।
युवाओं के अनुसार, निगरानी के दौरान कुछ ट्राले बिना नंबर प्लेट के भी मिले, जबकि कुछ वाहनों की नंबर प्लेट पर काला रंग पुता हुआ था। युवाओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस-प्रशासन से ऐसे वाहनों की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
संयम गुप्ता ने कहा कि यदि कोई तेज रफ्तार ट्राला हादसे के बाद मौके से फरार हो जाए और उसकी नंबर प्लेट स्पष्ट न हो, तो वाहन की पहचान करना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल यातायात का मुद्दा नहीं बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
युवाओं का कहना है कि प्रशासन से बार-बार मांग किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने के कारण उन्हें स्वयं सड़क पर उतरकर पहरा देना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से पुरुवाला-जम्बूखाला-बद्रीपुर मार्ग पर भारी ट्रालों की आवाजाही पूरी तरह रोकने की मांग की है।
वहीं, एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इस संबंध में उपायुक्त सिरमौर को भी अवगत करवाया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है।
