Home प्रशासन Sirmaur News: 40,822 किसानों को KCC का लाभ, 1% ब्याज पर विद्यार्थियों को 62.81 लाख रूपए का ऋण; डीसी प्रियंका वर्मा ने दिए बड़े निर्देश

Sirmaur News: 40,822 किसानों को KCC का लाभ, 1% ब्याज पर विद्यार्थियों को 62.81 लाख रूपए का ऋण; डीसी प्रियंका वर्मा ने दिए बड़े निर्देश

by Dainik Janvarta
0 comment

सिरमौर में स्वरोजगार और बैंकिंग योजनाओं को गति देने पर जोर, 40,822 किसानों को मिला KCC लाभ

नाहन, 26 अगस्त। सिरमौर में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और सरकारी ऋण योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने बैंकों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए हैं। जिले के 53,214 पीएम किसान लाभार्थियों में से 40,822 किसानों को अब तक किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लाभ मिल चुका है।

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (यूको आरसेटी) की जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के तहत जून 2026 को समाप्त तिमाही की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजना, वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना, महिला विकास निगम योजना तथा जिला उद्योग केंद्र द्वारा बैंकों को भेजे गए मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।

लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश

उपायुक्त ने जिला समन्वयकों को अपनी-अपनी बैंक शाखाओं में लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि एवं कृषि आधारित क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी लाने को भी कहा।

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 53,214 पीएम किसान लाभार्थी हैं, जिनमें से 40,822 किसानों को KCC की सुविधा प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा तिमाही के दौरान जिले में 343 वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए।

उपायुक्त ने बैंकों को दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में भी वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ सकें।

लाखों लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ

बैठक में बताया गया कि वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 1,58,876, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 95,339, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 2,23,633 तथा अटल पेंशन योजना में 48,774 लाभार्थी शामिल हुए हैं।

उपायुक्त ने इन योजनाओं की प्रगति को देखते हुए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जन सुरक्षा कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ योजनाओं की पहुंच भी बढ़ाई जा सके।

ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

प्रियंका वर्मा ने कहा कि कम आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी बैंकों को ऋण आवंटन के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को स्वरोजगार के क्षेत्र में अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

बैठक में बताया गया कि वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत जिले के छह पात्र विद्यार्थियों को 62,81,546 रुपये का ऋण मात्र 1 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध करवाया गया है।

यूको आरसेटी में इन ट्रेडों में निशुल्क प्रशिक्षण

यूको आरसेटी की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि संस्थान युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में निशुल्क आवासीय रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। इनमें ब्यूटी पार्लर, घरेलू अगरबत्ती निर्माण, कृषि उद्यमी, खिलौना निर्माण, पापड़-अचार निर्माण, मधुमक्खी पालन, जूट बैग, फास्ट फूड, डेयरी फार्मिंग, वर्मी कम्पोस्ट और टेलरिंग सहित अन्य ट्रेड शामिल हैं।

उन्होंने युवाओं से इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही, प्रशिक्षण शिविरों की जानकारी पात्र युवाओं तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बैंकों से सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों के आवेदनों को शीघ्र स्वीकृति देने तथा पात्र लोगों को उदारतापूर्वक ऋण उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आरसेटी के प्रशिक्षण शिविरों के दौरान अपने विभाग की स्वरोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी प्रशिक्षुओं को भी उपलब्ध करवाएं।

209 युवक-युवतियों को दिया गया प्रशिक्षण

यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ने बताया कि जून 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान सात विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 209 युवक-युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

बैठक का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक सिरमौर सनोज कुमार सिंह ने किया। उन्होंने तिमाही की प्रगति की जानकारी देते हुए उपायुक्त को आश्वस्त किया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत बैंकों के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ राहुल जोशी, एजीएम नाबार्ड बिकम जीत सिंह, एलडीएम सनोज कुमार, उप निदेशक कृषि साहिब सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस पवन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.