सिरमौर में जल जीवन मिशन का 100% लक्ष्य पूरा, 1.21 लाख घरों तक पहुंचा स्वच्छ पेयजल
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जल स्रोतों के संरक्षण और पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच के दिए निर्देश
नाहन, 26 अगस्त। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में जल शक्ति विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला जल स्वच्छता मिशन समिति (DWSM) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में जल जीवन मिशन की प्रगति, पेयजल योजनाओं और जल गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि सिरमौर जिले में जल जीवन मिशन के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। जिले के 1,21,917 घरों को पेयजल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, साफ-सफाई और उचित देखभाल पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। ये जल स्रोत ग्रामीण परिवेश का महत्वपूर्ण और अभिन्न हिस्सा हैं।
बैठक में बताया गया कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत 237 पेयजल योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें से 199 योजनाएं भौतिक रूप से और 164 योजनाएं वित्तीय रूप से पूर्ण की जा चुकी हैं, जबकि 38 योजनाएं वर्तमान में प्रगति पर हैं।
उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को पेयजल की कमी वाले क्षेत्रों के साथ-साथ जिले के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए और इसके लिए विभाग को लगातार प्रयास करने होंगे।
8091 पेयजल सैंपलों की जांच
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में अब तक जिले में उपलब्ध जल शक्ति विभाग की पांच पेयजल परीक्षण प्रयोगशालाओं में कुल 8,091 पानी के सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इनमें 3,505 केमिकल टेस्ट और 4,586 बैक्टीरियोलॉजिकल टेस्ट शामिल हैं।
वहीं, गत वित्त वर्ष के दौरान 6,175 केमिकल और 14,126 बैक्टीरियोलॉजिकल टेस्ट किए गए थे।
उपायुक्त ने पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पेयजल योजनाओं से पानी के सैंपल लेकर नियमित जांच जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी पानी की गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को केवल स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति हो।
1590 स्कूलों में नल कनेक्शन से पेयजल सुविधा
अधिशासी अभियंता जल शक्ति देवा नंद पुंडिर ने बैठक में विभिन्न मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया और DWSM के तहत विभाग द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले के 1,590 स्कूलों में नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके अलावा नल जल मित्र कार्यक्रम के तहत जिले में जल रक्षक, एमपीडब्ल्यू, पैरा पीओ और पैरा फीटर के 119 अभ्यर्थियों को आईटीआई में प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. विनोद सांगल, उप निदेशक कृषि साहिब सिंह सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
