कुल्लू सड़क हादसा: बस से टकराई स्कूटी, युवक-युवती की मौत; मनाली जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
मनाली की ओर जा रहे दो युवाओं का सफर डोहलूनाला के पास दर्दनाक हादसे में खत्म हो गया। मंगलवार रात स्कूटी और निजी बस की जोरदार टक्कर में दोनों की जान चली गई, जिससे इलाके में शोक की लहर है।
कुल्लू। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोहलूनाला के पास मंगलवार रात करीब पौने दस बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मनाली की ओर जा रही स्कूटी की सामने से आ रही निजी बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दोनों युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार स्कूटी चालक कशिश सिहली, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठे आदित्य पुत्र पवन कुमार निवासी त्रिफालघाट, जिला मंडी को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। उपचार के दौरान आदित्य ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना को लेकर बस चालक समेत अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
