शिमला: पब्बर नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूबे, NDRF ने संभाला सर्च ऑपरेशन
शिमला। रोहड़ू में पब्बर नदी किनारे मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नहाने गए दो 16 वर्षीय किशोर अचानक गहरे पानी में डूब गए। देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद शिमला से NDRF की टीम को बुलाकर नदी में बड़े स्तर पर तलाश शुरू कर दी गई।
हादसा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बॉयज रोहड़ू में पढ़ने वाले दो किशोरों के साथ हुआ। जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी मंगलवार को पब्बर नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर दोनों किशोरों की तलाश शुरू की गई। हालांकि नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को सर्च ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने शिमला से NDRF की टीम को मौके पर बुलाया। NDRF के जवानों ने नदी में संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। दोनों किशोरों की तलाश के लिए नदी के अलग-अलग हिस्सों को खंगाला जा रहा है।
एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्र ने बताया कि हादसे की सूचना मंगलवार रात को मिली थी। दोनों किशोरों की तलाश लगातार जारी है और शिमला से NDRF की टीम को बुलाया गया है। प्रशासन की ओर से पूरे बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है।
हादसे के बाद दोनों किशोरों के परिजनों और क्षेत्र में चिंता का माहौल है। प्रशासन और बचाव दल की ओर से नदी में संभावित स्थानों पर तलाश अभियान जारी है।
