हिमाचल: HPTU में नकल पर बड़ा एक्शन, 45 परीक्षार्थियों के पेपर रद्द
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (HPTU) की परीक्षाओं में नकल करने वालों पर इस बार भी सख्त कार्रवाई हुई है। मई-जून की सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल करते पकड़े गए सभी 45 परीक्षार्थियों के संबंधित पेपर रद्द कर दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में स्नातक और स्नातकोत्तर विषयों की मई-जून में आयोजित सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान अनफेयर मीन्स केस (UMC) के 45 मामले सामने आए थे। इन मामलों पर सुनवाई के लिए संबंधित परीक्षार्थियों को यूएमसी समिति के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए थे।
इनमें 43 परीक्षार्थी समिति के सामने उपस्थित हुए, जबकि दो परीक्षार्थी सुनवाई के दौरान अनुपस्थित रहे। समिति ने उपस्थित विद्यार्थियों से नकल के आरोपों को लेकर स्पष्टीकरण लिया और परीक्षा के दौरान सामने आए तथ्यों की भी जांच की।
पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएमसी समिति ने सभी 45 मामलों में संबंधित विषयों के परीक्षा पेपर रद्द करने का निर्णय लिया। विश्वविद्यालय की ओर से यह कार्रवाई निर्धारित नियमों के तहत की गई है।
लगातार सामने आ रहे नकल के मामले
एचपीटीयू की परीक्षाओं में पिछले कुछ सत्रों से नकल के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मई 2024 की परीक्षाओं में 88 विद्यार्थी नकल करते पकड़े गए थे। दिसंबर 2024 में 56, मई 2025 में 79, दिसंबर 2025 में 35 और मई 2026 की परीक्षाओं में 45 परीक्षार्थियों के खिलाफ यूएमसी मामले दर्ज हुए।
इस तरह मई 2024 से मई 2026 तक हुए पांच परीक्षा सत्रों में नकल के मामले सामने आए हैं। खास बात यह है कि इस अवधि में ऐसा कोई भी परीक्षा सत्र नहीं रहा, जिसमें नकल का एक भी मामला दर्ज न हुआ हो।
परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने बताया कि नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थियों को निर्धारित तिथि पर यूएमसी कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया जाता है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाती है।
