हिमाचल में बड़ी भर्ती अपडेट: सहायक स्टाफ नर्स के 780 पद, HAS समेत 22 पदों के लिए आवेदन शुरू
हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती अपडेट सामने आई है। सहायक स्टाफ नर्स के पदों में 468 की बढ़ोतरी के बाद अब कुल 780 पदों पर भर्ती होगी, जबकि HAS समेत प्रशासनिक सेवाओं के 22 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) के माध्यम से फिक्स मानदेय के आधार पर भरे जाने वाले सहायक स्टाफ नर्स के पदों की संख्या बढ़ाई गई है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 12/2026 में पोस्ट कोड-26044 के तहत पहले 312 पद विज्ञापित किए गए थे। अब मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के निदेशालय से 468 अतिरिक्त पदों की स्वीकृति मिलने के बाद कुल 780 पदों पर भर्ती की जाएगी।
HAS समेत 22 पदों पर भर्ती
इसी बीच हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने प्रदेश प्रशासनिक सेवा संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2026 के तहत विभिन्न विभागों में 22 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र अभ्यर्थी 25 अगस्त से 22 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन लिंक निष्क्रिय कर दिया जाएगा।
भर्ती में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा ग्रुप-ए के 4 पद, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) के 10 पद, जिला कोषाधिकारी का 1 पद, जिला नियंत्रक का 1 पद और तहसीलदार के 6 पद शामिल हैं।
किस वर्ग के कितने पद?
HAS के चार पदों में एक अनारक्षित, एक एसटी, एक एचपी श्रवण बाधित वर्ग तथा एक पूर्व सैनिक एससी वर्ग का बैकलॉग पद शामिल है।
BDO के 10 पदों में पांच अनारक्षित, एक पूर्व सैनिक, एक एसटी, दो ओबीसी और एक ईडब्ल्यूएस वर्ग का पद शामिल है। जिला कोषाधिकारी का पद ईडब्ल्यूएस वर्ग और जिला नियंत्रक का पद दृष्टिबाधित अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित है।
तहसीलदार के छह पदों में तीन अनारक्षित, एक एससी और दो एसटी वर्ग के पद शामिल हैं।
पदों के अनुसार वेतनमान
- HAS: ₹56,100 से ₹1,77,500
- BDO: ₹53,600 से ₹1,70,100
- जिला कोषाधिकारी/जिला नियंत्रक: ₹48,700 से ₹1,54,300
- तहसीलदार: ₹46,000 से ₹1,46,500
लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन पदों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित समय में आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
