सिरमौर में बदहाल सड़क पर पलटने से बाल-बाल बची HRTC बस, बड़ा हादसा टला
पांवटा साहिब (सिरमौर)। गिरिपार के आंजभोज क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे हुए कटाव के कारण HRTC बस अनियंत्रित होकर पलटने की स्थिति में पहुंच गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस को संभाल लिया गया। गनीमत रही कि हादसे के समय बस में कोई सवारी नहीं थी।
पांवटा साहिब-भड़ाना रूट पर चलने वाली HRTC बस डांडा-अंबोया-राजपुर संपर्क सड़क से गुजर रही थी। डांडा से राजपुर तक सड़क की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। बरसात के कारण सड़क के कई हिस्सों के किनारे कटाव हो गया है, जिससे सड़क कमजोर हो गई है और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है।
प्रत्यक्ष रूप से सामने आई घटना ने सड़क की बदहाली और जल निकासी की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार डांडा से बनौर तक कई स्थानों पर बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित नालियां नहीं हैं। पानी सीधे सड़क के किनारे बहने से लगातार भूमि कटाव हो रहा है।
अंबोया पंचायत के पूर्व प्रधान निशिकांत मेहता और बनौर पंचायत के पूर्व प्रधान चतर सिंह चौहान ने कहा कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने सड़क की मरम्मत के साथ-साथ कटाव रोकने और पानी की निकासी के लिए पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की।
श्री पांवटा साहिब विकास मंच सहित ग्रामीण भी कई बार सड़क की हालत सुधारने की मांग उठा चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्सों को ठीक नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लोक निर्माण विभाग ने लिया संज्ञान
लोक निर्माण विभाग पांवटा साहिब के अधिशासी अभियंता सूर्यकांत ने बताया कि सड़क की समस्या विभाग के संज्ञान में है। संबंधित कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजकर कटाव वाले और खराब स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाएगा।
