हिमाचल में दर्दनाक हादसा: पहाड़ी का मलबा जेसीबी पर गिरा, 20 वर्षीय युवक की मौत; चालक गंभीर
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार दोपहर पहाड़ी कटान के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी का भारी मलबा सीधे जेसीबी मशीन पर आ गिरा, जिससे मशीन के सहायक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा भराड़ी थाना क्षेत्र के घंडालवीं कस्बे में निजी जमीन पर पहाड़ी कटान के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि काम के दौरान पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर जेसीबी मशीन के ऊपर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से जेसीबी के सहायक 20 वर्षीय कुशल बानियाल, निवासी मलोह, तहसील बंगाणा, गंभीर रूप से दब गए और उनकी मौत हो गई।
हादसे में जेसीबी चालक 26 वर्षीय पंकज भारद्वाज, निवासी जझर जुकैं, सरकाघाट, भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पंकज भारद्वाज की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी कटान के दौरान मलबा गिरने से हुए इस हादसे ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निजी जमीन पर चल रहे कटान कार्य को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
